कभी हँसता , कभी रोता , कभी हँसके रोता होगा
एक आम आदमी कभी तो 'आम' होता होगा
जब लाहौर भी पंजाब था और पाकिस्तान कुछ भी नहीं
उस वक़्त के चुने मोती वो बूढ़ा आज भी पिरोता होगा
जिसने देश और सरहदें ही नहीं दिल भी बाँट दिए हो
उस बंटवारे के हिस्से वो आज भी समोता होगा
जिन आँखों ने अपनी मस्जिद को गेरुओं के हाथ में देखा
उन आँखों में आंसू की जगह लहू क्यूँ न होता होगा
शहर की किसी भगदड़ में जिसने खो दिया था अपनों को
उन्ही धमाकों की गूँज में वो आज भी नींदें खोता होगा
खुश थे जो लोग जीवन की गाड़ी के सफ़र में ,
उस सफर का मातम आज भी उनके घरों में होता होगा.
वो सिखाते हैं, चैन और ख़ुशी के लिए खुद को त्याग दो ‘नेमत’
पर कोई अपना ही ज़मीर छोड़के चैन से कैसे सोता होगा
यादों में जीने का हाल कुछ ऐसा होता होगा,
कभी हँसता , कभी रोता , कभी हँसके रोता होगा
No comments:
Post a Comment